ब्रेकिंग न्यूज़

ढाना में एयरपोर्ट की तैयारी ! 42 हैक्टेयर निजी भूमि का करना होगा अधिग्रहण

सरकार ने एयरपोर्ट बनाने के बारे में कलेक्टर से मांगी है जानकारी, उपलब्ध भूमि के हिसाब से 6 सीटर विमान लायक एयरपोर्ट बनाया जा सकता है

sagarvani.com9425172417

सागर। बीते साल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सागर आए थे। तब कुछ लोगोंं ने यहां नियमित एयर कनेक्टिविटी यानी एयरपोर्ट की सुविधा की मांग उठाई थी। जिला प्रशासन के सूत्रों के अनुसार डॉ. यादव ने इस दिशा में शुरुआती कामकाज आरंभ कर दिया है। हाल ही में कलेक्टर संदीप जीआर से सरकार के विमानन विभाग ने जिले में एयरपोर्ट की संभावनाओं को लेकर 20 बिंदुओं पर जानकारी मांगी है। राजस्व विभाग ने इस संबंध में अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय की अगुवाई में ढाना हवाई पट्टी व उससे लगे हुए एरिया में सर्वे कर रिपोर्ट तैयार की है। जिसके अनुसार ढाना में ही 6  सीटर विमानों के लिए एयरपोर्ट लायक भूमि उपलब्ध है। वर्तमान में हवाई पट्टी व निजी एविएशन एकेडमी चाइम्स का कुल रकबा 31  हैक्टेयर से अधिक है। करीब ढाई किमी लंबी डामरीकृत हवाई पट्टी है। एयरपोर्ट के लिए 90 हेक्टेयर भूमि की जरूरत होगी। इसमें से फिलहाल 48 हैक्टेयर सरकारी भूमि उपलब्ध है। शेष 42 हैक्टेयर के लिए निजी भूमि का अधिग्रहण करना होगा। जानकारी में यह भी बताया गया है कि हवाई पट्टी की री-कार्पेटिंग व बाउंड्रीवॉल के लिए विमानन विभाग ने जून 2024 में 7.17 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति भी दी है। इस संबंध में टेंडर की प्रक्रिया जारी है। सर्वे रिपोर्ट में ढाना एयर स्ट्रिप के आसपास सड़कें, निर्माण, बिजली की लाइनें और जलस्रोत भी शामिल हैं। इस संबंध में बताया गया है कि फिलहाल हवाई पट्टी कैम्पस में एक सरकारी रेस्ट हाउस, चाइम्स एविएशन का हैंगर, एटीसी और हॉस्टल है। जबकि बाउंड्री वॉल के पास स्टेट हाइवे क्रमांक 21 एक जिला स्तरीय रोड और ग्रामीण सड़क निकली है। इस क्षेत्र में 33 केवी, 11 केवी और एलटी लाइन के खंबे भी हैं। शासन ने चाइम्स को यह हवाई पट्टी वर्ष 2027 तक के लिए लीज पर दी है। शासन यदि निजी भूमि का अधिग्रहण करता है तो एयरपोर्ट बनाना संभव है। 

14/01/2025

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!