निगम कार्यालय में वास्तुदोषः पार्षद, मेयर ने कहा- पूजा कराए
रीवा नगर निगम का मामलाः एक पार्षद ने कहा- वास्तुदोष के कारण दो पार्षदों की मौत

sagarvani.com9425172417
सागर। रीवा में नगर निगम में आए दिन हो रहे हादसों के बाद पार्षद, महापौर और नगर निगम अध्यक्ष डरे हुए हैं। यहां दो पार्षदों की मौत हो चुकी है जबकि दो पार्षद जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। पार्षदों की मौत और बीमारियों को लेकर नगर निगम की बिल्डिंग में वास्तुदोष को वजह माना जा रहा है। लोगों का मानना है कि नगर निगम भवन का वास्तु सही नहीं होने से उसमें काला साया है, जिससे एक-एक कर पार्षदों की मौत होती जा रही है।
भवन का वास्तुदोष और काला साया दूर करने के लिए काशी के विद्वान ब्राम्हणों से वास्तु पूजा और निगेटिव ऊर्जा शांत कराने की तैयारी भी शुरू हो गई है। पक्ष विपक्ष और अध्यक्ष तीनों ने इसको लेकर प्रस्ताव भी पारित कर दिया है। पौष माह खत्म होने के बाद वास्तु सही करने पूजा-पाठ की जाएगी। दरअसल, यह पूरा मामला भाजपा पार्षद स्वतंत्र शर्मा की पोस्ट के बाद शुरू हुआ। देखते ही देखते सभी पार्षदों के साथ खुद कांग्रेस महापौर और निगम अध्यक्ष भी इस बात में एक मत हो गए हैं। सभी ने वास्तु दोष होने की चिंता भी जाहिर की है।
सभी का ये तर्क है कि हिंदू धर्म में वास्तु दोष और निगेटिविटी और उसके निवारण का जिक्र है, इसलिए मन की तसल्ली करने में कोई अड़चन और बुराई नहीं है। बता दें कि वर्ष 2019 में कांग्रेस की कमलनाथ सरकार के दौरान मंगलवार को इसका भूमिपूजन हुआ था और इसी साल अंत में ऑफिस शिफ्ट हो गया था।
दूरी बनाने लगे जनप्रतिनिधि-कर्मचारी
रीवा के पार्षद, महापौर और कर्मचारी इन दिनों नगर निगम बिल्डिंग से दूरी बनाने लगे हैं। वजह वास्तु और अंधविश्वास से जुड़ी है।
निगम से जुड़े लोगों ने ही बिल्डिंग को हॉरर प्लेस घोषित कर दिया है। जनप्रतिनिधि और शासकीय कर्मचारी भी वास्तु दोष और काले साए की बात से डरने लगे हैं। काम पूरा होते ही शाम ढलने से पहले सभी लोग जल्दी निकलना चाहते हैं। इस पर महापौर से लेकर निगम अध्यक्ष और पार्षदों ने चिंता जाहिर की है। उनका कहना है कि अगर जल्द ही नगर निगम में वास्तु पूजन नहीं किया गया तो पार्षद और पदाधिकारी लगातार दुर्घटनाओं या बीमारी का शिकार हो जाएंगे।
पौष माह खत्म होते ही काशी से आएंगे पंडित
जानकारी के मुताबिक निगम पौष महीने के खत्म होने का इंतजार कर रहा है, क्योंकि इस दौरान कोई भी पूजा नहीं की जाती है। हालांकि, वास्तु दोष पूजन के लिए लगने वाली पूजन सामग्रियों का एडवांस ऑर्डर देना शुरु कर दिया है। निगम के मुताबिक अब नए साल में वास्तु पूजन कराकर निगेटिविटी को दूर किया जाएगा। विशेषज्ञ पंडितों से भी संपर्क किया जा रहा है। भाजपा पार्षद का दावा है कि यहां पहुंचने मात्र से निगेटिव एनर्जी मिलती है। काम में मन नहीं लगता।
02/01/2025



