खबरों की खबरचर्चितब्रेकिंग न्यूज़

4 छात्र जेल गए, नामजद 21 विद्यार्थियों 15 दिन के लिए विवि से निष्कासित

दिव्यांग सहपाठियों की पैरवी करने वाले विद्यार्थियों में से चार गिरफ्तार, जेल भेजा, चार दिन पहले कुलपति की कार पर पथराव व नारेबाजी के चलते हुआ था केस दर्ज

sagarvani.com9425172417

सागर। विवि प्रशासन ने पुलिस की एफआईआर में नामजद 21 विद्यार्थियों के खिलाफ अलग से कार्रवाई की है। सोमवार को प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने इन विद्यार्थियों को 15 दिन के लिए विवि परिक्षेत्र से निष्कासित कर दिया है। चर्चा है कि बोर्ड के सामने एक भी विद्यार्थी सफाई देने नहीं पहुंचा। इसके बावजूद बोर्ड ने अपना आदेश निकाल दिया। इन विवि परिक्षेत्र में एक बार फिर चर्चा छिड़ गई है कि कुलपति, रजिस्ट्रार समेत अन्य अकादमिक-गैर अकादमिक व्यक्ति क्या यही कार्रवाई विद्यार्थियों पर बगैर पुलिस एफआईआर के नहीं कर सकते थे। यहां बता दें कि इन विद्यार्थियों में कई ऐसे भी हैं, जिनका डिग्री कोर्स आखिरी चरण में है। लेकिन पुलिस-कोर्ट के इस झमेले में फंसने के बाद उन्हें अगले कुछ महीने या साल इसे निपटाने के लिए अपने-अपने शहर या प्रदेश से सागर तक आना-जाना पड़ेगा।

4 छात्र 14 दिन की न्यायिक हिरासत मे जेल गए

नि:शक्त सहपाठियों की आवाज बुलंद करने के फेर में डॉ. हरीसिंह गौर केंद्रीय विवि के चार छात्र जेल पहुंच गए हैं। सोमवार को सिविल लाइंस थाने की पुलिस ने लॉ की पढ़ाई करने वाले भास्कर पांडे, चंदनकुमार, अश्विनीकुमार, नीरज यादव को गोपालगंज से गिरफ्तार किया। दोपहर बाद इन चारों को जिला न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इधर चर्चा है कि पुलिस ने इन विद्यार्थियों को विवि के हॉस्टल से गिरफ्तार किया है। लेकिन नियम-कायदों से बचने के लिए विवि के कतिपय अधिकारियों की शह पर उनकी गिरफ्तारी परिक्षेत्र से बाहर की दिखाई है।

दिव्यांग विद्यार्थियों की मदद करने की मिली सजा

बीते सप्ताह दिव्यांग श्रेणी के विद्यार्थियों ने अपनी विभिन्न मांगों को विवि स्थित अभिमंच सभागार पहुंचे थे। यहां कुलपति डॉ. नीलिमा गुप्ता एक सेमिनार में शामिल होने आईं थी। लेकिन कुलपति ने उनसे मिलने से मना कर दिया। जिसके बाद इन दिव्यांग सहपाठियों के समर्थन में विवि के अन्य छात्र आए गए और उन्होंने सभागार के बाहर धरना व नारेबाजी। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने कुलपति की कार पर कथित तौर पर पत्थर मार दिया। जिसके बाद कुलसचिव सत्यप्रकाश उपाध्याय ने विवि के डेढ़ दर्जन से अधिक नामजद और शेष 150 अज्ञात विद्यार्थियों के खिलाफ बलवा, तोड़फोड़ और घातक हथियार लेकर चलने आदि का केस दर्ज करा दिया।

19/03/2024

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!