खबरों की खबरचर्चित

किसान न्याय यात्रा : पुलिस प्रशासन दिन भर ट्रेक्टर कम कराता रहा, देररात स्थान भी बदलवा दिया

किसानों के नाम पर जमा हो रहे कांग्रेसियों से क्या घबरा रह है भाजपा सरकार !

sagarvani.com 9425172417

सागर। जिला कांग्रेस कमेटी की ग्रामीण और शहरी इकाई की अगुवाई में  शुक्रवार को किसान न्याय यात्रा निकालने की तैयारी है। गुरुवार को इस संबंध में मप्र कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता भूपेंद्र गुप्ता , जिला ग्रामीण अध्यक्ष डॉ. आनंद अहिरवार, शहर अध्यक्ष राजकुमार पचौरी एवं पूर्व विधायक देवरी सुनील जैन ने पत्रकारों के समक्ष यात्रा की आवश्यकता और आयोजन की जानकारी साझा की। लेकिन देर शाम के बाद इस प्रदर्शन को लेकर पुलिस-प्रशासन ऊहा-पोह की हालत में आ गया। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार भोपाल से कलेक्टर-एसपी के फोन बजे उनसे कहा गया कि किसानों के नाम पर जमा होने वाले ट्रेक्टरों से शहर की यातायात व्यवस्था गड़बड़ा जाएगी। उदाहरण मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के गृहनगर उज्जैन में करीब 2500 ट्रेक्टरों के जमा होने से बने हालात का दिया गया। जानकारी के अनुसार एडिशनल एसपी लोकेश सिन्हा ने नए कंट्रोल रूम में बीती रात करीब 9-10 बजे जिले के अध्यक्षद्वय डॉ. अहिरवार, पचौरी, पूर्व विधायक जैन और जिला कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे , पूर्व प्रदेश महामंत्री अमित रामजी दुबे को बुला लिया। जहां वे कांग्रेस नेताओं के समक्ष लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के शहर आगमन के दौरान व्यवस्था बनाए रखने की दुहाई देते रहे। ये बात और है कि बिरला दोपहर करीब 12 बजे ढाना हवाई पट्टी से सिविल लाइन-कैन्ट भगवानगंज होते हुए भाग्योदय तीर्थ अस्पताल पहुंचेंगे। जबकि कांग्रेस का यह आयोजन जैन हासे स्कूल के सामने दीनदयाल चौक- गोपालगंज- कलेक्टोरेट के बीच होना था। खैर.. कांग्रेसियों को झुकना पड़ा और उनका आयोजन स्थल तब्दील कर नई गल्लामंडी दोपहर 12 बजे कर दिया गया। इसके अलावा जिले भर के थाना प्रभारियों को भी अन-ऑफिसियल निर्देश दे दिए गए कि वे अपने- अपने क्षेत्र 10-20 ट्रेक्टरों से ज्यादा को प्रदर्शन में शामिल होने की अनुमति नहीं दें।

सोयाबीन का समर्थन मूल्य 6 हजार रु . किया जाए

इससे पहले  किसान न्याय यात्रा के सन्दर्भ में मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से नियुक्त मुख्य प्रवक्ता भूपेंद्र गुप्ता ने पत्रकारों से चर्चा की। उन्होंने  कहा कि फरवरी 2016 में देश के प्रधानमंत्री ने उत्तरप्रदेश की बरेली की रैली में कहा कि किसान भाईयों वर्ष 2022 तक मैं आपकी आमदनी दोगुना कर दूंगा। मगर मोदी सरकार के ही नेशनल स्टैटिस्टिकल ऑफिस ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि देश के किसानों की औसत आमदनी 27 रूपये प्रतिदिन रह गई है और औसत कर्ज प्रति किसान 74 हजार रूपये हो गया है। यह इसलिए हुआ कि बीते दस वर्षों में खेती की लागत 25 हजार रूपये हेक्टेयर बढ़ा दी गई। टेक्टर व खेती के उपकरणों पर 12 प्रतिशत जीएसटी, खाद पर 5 प्रतिशत, कीटनाशक दवाईयों पर 18 प्रतिशत, डीजल की कीमत 35 रूपये प्रति लीटर बढ़ गई। जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार पचौरी ने कहा कि मोदी सरकार की फैक्ट्री में बनने वाले झूठ के सबसे बड़े डीलर शिवराज सिंह चौहान जी और प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव है। मध्यप्रदेश का चुनाव जीतने के लिए प्रदेश के किसानों से अपने घोषणा-पत्र में झूठ बोला कि चुनाव जीतने पर गेहूं का समर्थन मूल्य 2700 रूपये प्रति क्विंटल और धान का समर्थन मूल्य 3100 रूपये प्रति क्विंटल किया जायेगा। चुनाव जीतते ही किसानों को धोखा दे दिया।

लागत से भी कम मिल रहे हैं सोयाबीन के दाम

पूर्व विधायक सुनील जैन ने कहा कि आज मध्यप्रदेश में सोयाबीन का भाव लगभग 4000 रूपये प्रति क्विंटल पहुंच गया है। जबकि उसका समर्थन मूल्य 4892 रूपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है, जो कि पहले ही अपर्याप्त है। जिला ग्रामीण अध्यक्ष डाँ आनंद अहिरवार ने कहा कि मोदी सरकार ने सोयाबीन का समर्थन मूल्य तय करते वक्त इसका लागत मूल्य 3261 रूपये निर्धारित किया है। जबकि मध्यप्रदेश ने लागत और मूल्य आयोग को पहले ही सूचित किया था कि मध्यप्रदेश में सोयाबीन की उत्पादन लागत 4455 रूपये प्रति क्विंटल आती है, वहीं महाराष्ट्र में यह लागत 6039 रूपये प्रति क्विंटल बतायी थी।
अमित रामजी दुबे ने कहा कि इसी तारतम्य में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष  जीतू पटवारी ने प्रदेश के हर जिले में किसान न्याय यात्रा निकालने का निर्णय लिया हैं। प्रदेशाध्यक्ष  पटवारी ने स्वयं किसान न्याय यात्रा का आगाज आगामी 10 सितम्बर 2024 को मंदसौर जिले के गरोठ से किया था, 13 सितम्बर को टिमरनी से होशंगाबाद तक और 15 सितम्बर को आगर मालवा में तथा 19 सितम्बर यानि आज सीहोर के नसरूल्लागंज में उनके नेतृत्व में यह यात्रा निकाली गई और इसी कड़ी में 20 सितम्बर को प्रदेश के सभी जिलों में किसान न्याय यात्राऐं आयोजित होगी, जिसमें स्थानीय वरिष्ठ नेतागण, किसान, आमजन और कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

20/09/2024

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!