प्रचंड गर्मी ने बिगाड़ी प्याज की सेहत, इसलिए ऊपर रह सकता है भाव का पारा
तेज गर्मी खराब हुई उपज, स्टॉक कम होने से बढ़ सकते हैं प्याज के दाम

sagarvani.com9425172417
सागर। मानसून का सीजन अभी शुरु नहीं हुआ है। लेकिन सब्जियों के दाम तेजी से बढ़ गए है। इनमें सबसे ज्यादा भाव प्याज के बढ़े हैं। इस समय अधिकांश लोग दीवाली के आसपास नई फसल आने तक के लिए घरों में प्याज का स्टॉक करते हैं। लेकिन बढ़े हुए दाम सुनकर वह थोकबंद तो ठीक फुटकर खरीदने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। वर्तमान मेें प्याज का फुटकर भाव 30 रु. किलो से 50 रु. किलो तक है। प्याज के आढ़त व खरीद-बिक्री से जुड़े लोगों के अनुसार इस दफा प्याज के दाम एक बार फिर आसमानी हो सकते हैं। जिसकी मुख्य वजह इस दफा की प्रचंड गर्मी रही। जिससे प्याज के भीतर की गुठली में सड़न पैदा हो गई है। इसलिए मप्र समेत आसपास के राज्यों में उपजी प्याज ज्यादा दिन नहीं टिकेगी। बता दें कि देश के अधिकांश हिस्सों में आपूर्ति नासिक, औरंगाबाद और साउथ के इलाकों से होगी। इसलिए ट्रांसपोर्टेशन जोड़कर इस दफा प्याज के दाम 50 रु. से 100 रु. किलो तक हो सकते हैं।
प्याज भीतर से सड़ चुकी है इसलिए नाम दिया कैंसर नई सब्जी मंडी में प्याज का थोक कारोबार करने वाले हाजी जाकिर राईन ने प्याज के इस रोग को कैंसर का नाम दिया है। उनके अनुसार यह रोग नया नहीं है। लेकिन यह केवल गिने चुने समय पर खोदी गई प्याज में होता था। लेकिन इस दफा मप्र समेत आसपास के राज्यों की पूरी उपज को इसने अपनी चपेट में ले लिया है। इस रोग के कारण प्याज की भीतरी गांठ सड़ गई है। बड़ा हो या छोटा साइज का प्याज देखने व छूने में उपयोग लायक दिखता है। लेकिन जब उसे काटो तो भीतर की दो से चार परतें बदबूदार सड़न होती हैं। प्याज में यह खराबी ऊपर से दिखाई नहीं देती। इसलिए इसे किसान-व्यापारियों ने कैंसर का नाम दिया है। ऊपरी सिरे को अंगुली से दबाएं गड्ढा हो तो नहीं खरीदें
मंडी के थोक सब्जी व्यवसायी अकील राईन ने बताया कि जब खेतों से प्याज खुद रही थी। तब मौसम का पारा 43 से 47 डिग्री सेंटीग्रेड तक था। जबकि प्याज को इस 40-42 डिग्री सेंटीग्रेड में उखड़ने के बाद हवादार स्टोर रूम में पहुंच जाना चाहिए था। तेज गरमी में खुदने के कारण प्याज के भीतर यह रोग पनप गया। जिसका खामियाजा इस दफा बढ़े हुए दामों के रूप में सामने आ रहा है। अकील ने कहा कि घरेलू स्टॉक के लिए प्याज खरीदते वक्त कुछ बातों का विशेष ध्यान रखें। पहला ये कि बगैर या कम छिलके वाली प्याज नहीं खरीदें। दूसरा ये कि प्याज की कुछेक गांठों के ऊपरी हिस्से को अंगुली से दबाकर देखें। अगर गड्ढा हो जाए तो वह प्याज नहीं खरीदें। क्योंकि यह भीतर सड़ना शुरु हो गई है इसलिए ये प्याज चंद दिन भी नहीं टिकेगी। जिस प्याज की गांठ में अंगुली नहीं घुस रही हो वही खरीदें। 24/06/2024



