गौरव दिवस: तारीख, आयोजन स्थल, आमंत्रण-पत्र सब विवादित !
दो साल पहले पूर्व सीएम चौहान ने 26 नवंबर को घोषित किया गौरव दिवस, लेकिन 23 दिसंबर को मना रहे

– आयोजन स्थल संजय ड्राइव बनाए जाने से एक बड़े इलाके के लोगों को हो रही आवाजाही में परेशानी
– फ्लेक्स से विभागीय मंत्री समेत प्रभारी मंत्री के फोटो और आमंत्रण पत्र से विधायकों के नाम नदारद
sagarvani.com9425172417
सागर। 24 घंटे बाद शहर में गौरव दिवस मनाया जाना है। जिसको लेकर चर्चाएं 48 घंटे पहले से शुरु हो गईं हैं। चर्चाएं कार्यक्रम को लेकर उत्साह की हैं तो साथ-साथ खामियां और विवाद की भी हैं। सबसे पहला विवाद तो यही है कि इस आयोजन की तारीख किस आधार पर और किसकी मंशा से बदल दी गई। दो साल पहले जब वर्ष 2022 में यह आयोजन 26 नवंबर पर डॉ. हरीसिंह गौर की जयंती पर हुआ था। तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने उसी समय जनसमूह के समक्ष आम सहमति से यह घोषणा की थी कि अब से सागर का स्थापना दिवस यानी गौरव दिवस हर वर्ष इसी तारीख को मनाया जाएगा। बीते साल विधानसभा चुनाव थे इसलिए आयोजन नहीं हुआ। लेकिन इस वर्ष जब आयोजन का वक्त आया तो जिम्मेदार जनप्रतिनिधि से लेकर प्रशासनिक अधिकारी सभी चुप्पी साध गए। झील के सौंदर्यीकरण समेत अन्य निर्माण आदि का लोकार्पण करना है तो मुख्यमंत्री डॉ. यादव को इसकी आड़ में गौरव दिवस के लिए भी आमंत्रित कर लिया। हिंदी शब्दों के जानकारों का कहना है कि दिवस शब्द उसी आयोजन की तारीख के साथ जोड़ा जाता है। जो सदैव एक ही रहे। जैसे स्वतंत्रता दिवस, जन्म दिवस, साक्षरता दिवस, प्रेस दिवस आदि-आदि। लेकिन यहां तो गौरव दिवस को पखवाड़ा-मास की तर्ज पर सीधे-सीधे एक महीने बाद आयोजित किया जा रहा है।
आयोजन स्थल बना लोगों के लिए परेशानी का सबब
गौरव दिवस के साथ-साथ स्मार्ट सिटी कंपनी और नगर निगम प्रशासन झील के सौंदर्यीकरण के कामों का भी लोकार्पण कार्यक्रम कर रहा है। लाजिमी है कि आयोजन स्थल झील के आसपास का होगा। इसलिए प्रशासनिक अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने आयोजन स्थल को संजय ड्राइव रोड तय कर दिया। लेकिन इससे लोगों को कितनी परेशानी हो रही है। इस तरफ किसी का ध्यान नहीं है। समस्या ये है कि अगले 48 घंटे तक यही हालात रहेंगे।
असल में पुलिस-प्रशासन ने संजय ड्राइव के दोनों छोर पर बेरिकेडिंग करा दी है। ताकि कार्यक्रम स्थल के टेंट, मंच, स्टॉल वगैरह तैयार कराने में परेशानी नहीं आए। इस स्थिति में पिपरिया, कनेरादेव, पुरव्याऊ, काकागंज, अंबेडकर वार्ड, तिली, बाघराज वार्ड समेत शहर के एक बड़े और घनी आबादी वाले इलाके के लोगों को जिला अस्पताल रोड से होते हुए राजघाट चौराहा होकर आवाजाही करना पड़ रही है। चूंकि इस मार्ग पर जिला अस्पताल व मेडिकल कॉलेज भी है। इसलिए गर्भवती, बीमार और चोटिल व्यक्ति को भी इसी लंबे रास्ते से निकलना पड़ रहा है। आयोजक चाहते तो यही आयोजन ऐलिवेटेड कॉरिडोर पर भी करा सकते थे। इस मार्ग से उतना अधिक ट्रैफिक नहीं रहता है, जितना संजय ड्राइव से गुजरता है।
आमंत्रण पत्र से विधायकों के नाम और फ्लेक्स से प्रभारी मंत्री गायब
झील संबंधी लोकार्पण कार्यक्रम और गौरव दिवस के प्रचार-प्रसार के लिए शहर के प्रमुख स्थानों पर फ्लेक्स-होर्डिंग्स लगाए गए हैं। लेकिन इसमें भी भाजपा की गुटीय राजनीति ज्यादा हावी दिख रही है। जैसे कि फ्लैक्स में शहर के वरिष्ठ विधायक शैलेंद्र जैन और जिले से केबिनेट मंत्री गोविंदसिंह राजपूत को छोड़कर और किसी विधायक को स्थान नहीं दिया गया है। यहां तक कि इसमें जिले के प्रभारी एवं उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल भी फोटो नहीं है। जबकि आयोजन मूलत: नगरीय विकास एवं आवास विभाग के तहत नगर निगम करवा रहा है। अब बात आयोजन के आमंत्रण-पत्रों की तो इसमें भी शहर व उपनगर में रहने वाले विधायक समेत जिले के बाकी विधायकों के भी नाम नहीं हैं। अपितु भाजपा के जिलाध्यक्ष गौरव सिरोठिया का नाम अवश्य दर्ज है। जो किस प्रोटोकॉल के तहत सरकारी कार्यक्रम में जोड़ दिया गया। ये शोध का विषय है। महापौर होने के नाते संगीता डॉ. सुशील तिवारी का नाम भर छोड़ दें तो कार्ड में एक गुट विशेष की छाप स्पष्ट दिख रही है।
सोमवार दोपहर को मौजूद रहेंगे दो मुख्यमंत्री
नगर पालिका निगम सागर एवं सागर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा गौरव दिवस एवं लोकार्पण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। 23 दिसंबर दोपहर 3 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लाखा बंजारा झील का जीर्णोद्धार एवं पुर्नविकास एवं सागर सिटी गवर्नेंस नगर पालिका निगम कार्यालय एवं दो जोनल सेंटर का लोकार्पण करेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर धामी एवं विशिष्ट अतिथि मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, नागरिक एवं आपूर्ति उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, सांसद लता वानखेड़े, विधायक शैलेंद्र जैन, नगर पालिका निगम महापौर संगीता तिवारी, नगर पालिका निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, भाजपा के जिलाध्यक्ष गौरव सिरोठिया शामिल होंगे। 
22/12/2024



