परिवार को खतरा बताकर बुजुर्ग महिला से झटक ले गए लाखों के जेवरात- चांदी के पात्र
जैन समुदाय की महिला से पंचशील पेट्रोल पंप के पास ठगी की वारदात

सागर। गुरुवार की सुबह एक बुजुर्ग महिला के साथ ठगी की वारदात हो गई। घटनाक्रम पंचशील पेट्रोल पंप के पास रेलवे स्टेशन रोड का है। पुलिस के मुताबिक सदर के कबूला पुल के पास निवास करने वाली श्रीमती कमला जैन उम्र 65 वर्ष अप्सरा टॉकीज के बाजू में बने महावीर जिनालय से पूजा कर लौट रही थीं। तभी उन्हें दो युवक पंचशील पेट्रोल पंप के बाजू में बने सुलभ शौचालय के बाहर मिले। इन लोगों ने स्वयं को जैन समुदाय का बताया। ये लोग महिला से बोले कि हम लोग प्यासे हैं। आप हमें पानी पिला दें। तब कमला जैन ने कहा कि मेरे पास पानी नहीं है। आप मुझ से पैसे ले लें और बॉटल खरीदकर पी लें। इसके बाद इन दोनों युवकों ने महिला से कहा कि हमें, पता है कि आपकी इतनी सेवा के बावजूद आपके पति नहीं बच पाए। उन्हें आखिरकार बीमारी ले ही गई। यह सुनकर कमला जैन चौंक गईं। इसके बाद ये दोनों ठग बोले कि आपके परिवार पर से खतरा अभी टला नहीं है। इसके बाद ये लोग बोले कि आप ये मिलावटी सोना पहने हो। इसे हटा दो। वरना दूसरा अनिष्ट होना तय है। इस दौरान दोनों युवक इस महिला को हिपनोटाइज्ड टाइप का कर चुके थे। श्रीमती जैन ने यंत्रवत होकर अपनी कलाई की चूड़ियां, गले में पहनी चेन, अंगूठी आदि उतार ली और अपने बैग में डाल लें। जैसे ही कमला जैन ने यह सामग्री अपने बैग में रखी। इन दोनों वह बैग छीना और रेलवे स्टेशन की तरफ दौड़ लगा दी। श्रीमती जैन ने चीीख-पुकार की लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। आरोपी देेखते-देखते आंखों से ओझल हो गए। इस मामले में कैंट पुलिस ने आसपास के कैमरों समेत स्मार्ट सिटी कंपनी के कैमरों के फुटेज दिखवाए हैं। लेकिन आरोपियों के बारे में खास सुराग नहीं मिला है। पुलिस ने श्रीमती जैन की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ ठगी का केस दर्ज कर लिया है। पीड़ित जैन परिवार के अनुसार ठग,जेवरात के अलावा चांदी के बर्तन और मोबाइल भी ले गए हैं। पूरे सामान की कीमत 5 लाख रु. से ज्यादा बताई जा रही है। 15/03/2024
नोट: खबर के साथ चित्र प्रतीकात्मक है। मूल घटना से इसका कोई सरोकार नहीं है।



