कलेक्टोरेट में भटकते दो नन्हे जादूगर गुफरान और तूफान !
वाक्- शक्ति की समस्या से जूझ रहा है गुफरान। चंद हजार रु. में संभव है उपचार

sagarvani.com9425172417
सागर। दो रोज पहले पुराने कलेक्टोरेट पर दो नन्हे जादूगर गुफरान और तूफान से मुलाकात हुई। शुरुआत गुरफान ने की। टंग टाइ की समस्या से जूझ रहे इस 10 वर्षीय लड़के ने मौजूद लोगों से पूछा “आंदू इखाऊं इया” (जादू दिखाऊं क्या )? वह खेल शुरु करता उसके पहले मैंने पूछा तो बताया कि मेरा नाम गुफरान है। राजस्थान का रहने वाला हूं। तभी उसका साथी हमउम्र तूफान आ गया। किसी मनौती के चलते मां- बाप ने तूफान के सिर के बाल नहीं कटवाए थे। गुफरान ने जादू दिखाना शुरु किया। तीन छोटी कटोरियों के नीचे वह कपड़े की कंचे बराबर गेंदे रखकर गायब कर रहा था। साफ समझ आ रहा था कि वह इस खेल को सही ढंग से सीख नहीं पाया है। गुफरान के बाद तूफान ने बोला कि ये ट्रेलर था। असल फिल्म मैं दिखाता हूं। उसने बड़ी लच्छेदार बातें करते हुए कुशलता से जादू दिखाना शुरु किया। हां … बताना भूल गया कि मैंने इन दोनों के क्रिया-कलाप को शुरुआत से ही शूट करना शुरु कर दिया था। आप वीडियो देखेंगे तो पढ़ने से ज्यादा मजा आने और मन कचोटने की गारंटी है।
5 – 7 मिनट के इस खेल के चंद रुपए लेकर ये दोनों नन्हे जादूगर निकल गए। जाते – जाते बता गए कि हम लोग पीली कोठी की दरगाह के पास होम गार्ड ऑफिस के सामने ठहरे हैं। इधर मुख एवं दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. देवेन्द्र ओझा, वन – वे रोड परकोटा कहना है कि गुफरान के परीक्षण की आवश्यकता है। प्रथम दृष्ट्या वह टंग टाइ की समस्या से ग्रसित समझ आ रहा है। यह जन्मजात होता है। जीभ के नीचे की झिल्ली सही ढंग से विकसित नहीं हो पाती है। जिससे जीभ का सही मूवमेंट नहीं होता है। इससे व्यक्ति का उच्चारण गड़बड़ा जाता है। बचपन में ही उपचार करा दिया जाए तो समस्या खत्म होने के अधिक चांस होते है। गुफरान का चेक-अप कराया जा सकता है। उसका लेजर या मैन्युअल ऑपरेशन होगा। जिसमें कुछ हजार रुपए खर्च होंगे।
14/03/2024



