अपराध और अपराधीखबरों की खबरचर्चित

प्रभु यीशु के नाम पर भी बाप-बेटे ने की गड़ा धन खुदवाने के बहाने ठगी!

क्रिसमस और गुड फ्राइडे पर गड़ा धन निकलवाने के नाम पर 3.61 लाख रु. ठगने का आरोप

http://sagarvani.com     

सागर। शहर से लगे हुए गांव पथरिया जाट निवासी बाप-बेटे देवीसिंह रजक और कृष्णा रजक के खिलाफ सिविल लाइंस पुलिस ठगी आपराधिक षड़यंत्र रचने का केस दर्ज कर चुकी है। गड़ा धन निकालकर दिलाने का लालच देने वाले इन बाप-बेटों पर शहर के अलग-अलग लोगों से करीब 1 करोड़ रुपए ठगने का आरोप है। फिलहाल ये आरोपी मय परिवार के अंडरग्राउंड हैं। इसी कड़ी में एक नया मामला सामने आया है। जिसमें इन नटवरलाल टाइप बाप-बेटों ने कैंट थानांतर्गत गयागंज निवासी दो युवकों से 3 लाख 61 हजार रु. की ठगी की। इस मामले दिलचस्प यह है कि इन बाप-बेटे ने युवकों से किसी देवी-देवता या जिन्न के नाम के बजाए ईसाई समुदाय के आराध्य प्रभु यीशु के नाम का इस्तेमाल किया। एसपी ऑफिस में की गई शिकायत के अनुसार युवक अरुण सेन और शिवा सेन ने बताया कि बीते साल अप्रैल में एक परिचित युवक वरुण रजक ने हम लोगों की मुलाकात देवीसिंह और उसके बेटे कृष्णा रजक से कराई। हम लोग पहले से ही आर्थिक तंगी से गुजर रहे थे। जिसका फायदा इन लोगों ने उठाया और कहा कि, तुम लोगों के घर में धन गड़ा है। पूजा-पाठ में थोड़ा सा पैसा खर्च होगा। अगर यह धन निकलवा लो तो किस्मत बदल जाएगी। हम लोग, बाप-बेटे के झांसे में आ गए।

पीतल की कसेड़ी निकाली और 90 हजार झटक लिए

अरुण सेन ने बताया कि 17 अप्रैल को ये देवीसिंह हमारे घर आया। उसने एक गड्ढा खुदवाया और उसमें से पीतल की एक कसेड़ी (धातु का बर्तन) निकली। इसके बाद उसने हम लोगों से पूजा के नाम 90 हजार रु. ले लिए। इसके बाद देवीसिंह बोला कि, तुम्हारे घर में एक और कसेड़ी है। जब वह निकल आएगी तो हम पहली वाली को खोलेंगे। दूसरी कसेड़ी निकालने के लिए इन लोगों ने हम से 10 मई 2023 को 50 हजार रु. और ले लिए। इसके बाद देवीसिंह ने कहा कि अभी सही मुहूर्त नहीं है। क्रिसमस सही दिन रहेगा। इसलिए उस दिन हम दूसरी कसेड़ी निकालेंगे। इसके बाद क्रिसमस डे पर देवीसिंह ने हम लोगों का मोबाइल सेट पर एक सोने का क्रॉस दिखाया और कहा कि पूजा में यह भी लगेगा। इसकी राशि 90 हजार रु. तुम लोग मुझे दे दो। हम लोगों ने यह रकम भी दे दी। इसके बाद वह दूसरी कसेड़ी निकालने में टाल-मटोल करने लगा। उसका कहना था कि अब एक और मुहूर्त गुड फ्राइडे अप्रैल 2024 में आएगा। तब यह काम करेंगे। इसके बाद उसने हम लोगों से गौ-लोचन के नाम पर 70 हजार रु. और ले लिए। वह इसके बाद फिर टाल-मटोल करने लगा और बोला कि 61 हजार और दे दो। हम लोगों ने कहा कि अब हमारे पास पैसे नहीं हैं। तब देवीसिंह ने कहा कि हमारे घर पर काम करो। ये 61 हजार रु. मैं, मिला दूंगा।

ठगी का संदेही देवीसिंह रजक

कसेड़ी भी रख ली और जादू-टाना करनेे की धमकी दी

जब लंबे समय तक देवीसिंह ने हमारी कोई मदद नहीं की और वह इकलौती कसेड़ी का भी कोई निपटारा नहीं किया तो हम लोगों ने उससे अपनी पूरी रकम वापस मांगी। इस पर से वह बिफर गया। इस बीच हम लोग जान चुके थे कि यह आदमी ठगी करता है। जब हम लोगों ने बार-बार अपने पैसे मांगे तो वह बोला कि मैं जादू-टोना जानता हूं। ज्यादा पैसा-पैसा किया तो ऐसा जादू-टोना करूंगा कि जिंदगी भर परेशान रहोगे। तुम्हारे खिलाफ झूठा केस बनवा दूंगा। उसने हम लोगों से कुछ कोरे कागजों पर दस्तखत भी करा लिए थे। जिसका उपयोग वह हमारे खिलाफ कर सकता है। अरुण सेन का कहना है कि, देवीसिंह को रकम देने के संबंध में हमारे पास बैंक ट्रांजेक्शन के साक्ष्य हैं। इन दोनों युवकों ने एसपी से देवीसिंह व उसके बेटे कृष्णा रजक के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग के साथ ठगी हुई रकम 3 लाख 61 हजार रु. वापस दिलाने की मांग की है। – 9425172417

06/11/2024

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!