ब्रेकिंग न्यूज़

विवि में हॉस्टल की तरफ जा रहा था तेंदुआ, छात्र ने टोका तो जंगल की तरफ भाग गया

टैगोर हॉस्टल के पास देखा गया टीनेजर तेंदुआ - एलएलबी के छात्र द्वारा तेंदुए को टोक लगाते वीडियो वायरल

sagarvani.com9425172417

सागर। डॉ. हरीसिंह गौर केंद्रीय विवि के टैगोर हॉस्टल तरफ सोमवार को एक किशोरवय तेंदुआ देखा गया है। जिसके बाद से विवि प्रशासन ने विद्यार्थियों को अलर्ट कर दिया है। विवि के बॉयज हॉस्टल के वार्डन प्रो. रत्नेश दास के अनुसार तेंदुए के बारे में टैगोर हॉस्टल में रहने वाले बीए एलएलबी के छात्र हर्ष ने जानकारी दी है। हर्ष ने बताया कि मैं, शाम करीब 5 बजे में पढ़ाई से थक कर खिड़की से बाहर की तरफ झांक रहा था। तभी मुझे एक तेंदुआ दिखा। जो मेरे हॉस्टल के पीछे की तरफ फेन्सिंग को क्रॉस कर आर्यभट्ट हॉस्टल के सीमेंटेड रास्ते पर टहल रहा था।

 

ऐसा लगा कि वह किसी जानवर की गंध के कारण यहां तक आ गया था। इधर मैंने देखा कि यह खतरनाक जंगली जानवर आर्य भट्ट हॉस्टल की तरफ बढ़ा चला जा रहा है। तब मैंने जोर-जोर से चिल्लाना शुरु कर दिया। जिसके बाद इस तेंदुए ने अपना रास्ता बदल लिया और वह जंगल की तरफ निकल गया।

किशोरवय है तो परिवार भी आसपास होगा

वीडियो में ये तेंदुआ किशोरवय लग रहा है। अगर ऐसा ही है तो उसके साथ उसका परिवार भी हो सकता है। जिसमें 2-3 सदस्य और हो सकते हैं। बता देें कि विवि परिक्षेत्र के जंगल में पूर्व में भी तेंदुए की आवाजाही रही है। कुछ वर्ष पहले यह जंगली जानवर विवि परिक्षेत्र में काफी भीतर तक आ गया था। उसे कैम्पस रोड पर बॉटनी डिपार्टमेंट में देखा गया था।

वन अमले की सर्चिंग, विद्यार्थी एक-दूसरे को कर रहे अलर्ट

विवि प्रशासन ने तेंदुए की मौजूदगी की खबर वन विभाग को भेज दी है। जिसके बाद DFO हेमंत यादव व अधीनस्थ अमले ने क्षेत्र में तेंदुए की सर्चिंग की है। लेकिन उन्हें कुछ विशेष नहीं मिला। वन अमले को उम्मीद थी कि कुत्ते या जंगली सुअर का शव मिलने पर तेंदुआ परिवार का अंदाजा लगाया जा सकता था। प्रो. रत्नेश दास ने बताया कि विवि स्टाफ के अलावा विद्यार्थियों को विशेष रूप से अलर्ट किया गया। हॉस्टल निवासी छात्रों ने भी सोशल मीडिया प्लेटफार्म के जरिए एक- दूसरे को अलर्ट कर दिया है। इसके अलावा उन्हें विवि की सघन हरियाली वाले क्षेत्र में जाने से मना किया गया है। परिसर में तेंदुआ की मौजूदगी संबंधी सूचना बोर्ड लगाए जा रहे हैं। 

14/10/2024

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!