चर्चित
स्मार्ट रोड में शामिल तीन मढ़िया-गर्ल्स कॉलेज चौराहा पर पेवर ब्लॉक लगाकर ननि कर रहा धन की बर्बादी!
जिस साइड पर नाली प्रस्तावित, वहां नगर निगम ने पाथ-वे बनाना शुरु किया स्मार्ट सिटी के फेज-3 में इस रोड का पुर्ननिर्माण और सौंदर्यीकरण शामिल

सागर वाणी डेस्क। 9425172417
सागर। नगर निगम और स्मार्ट सिटी के बीच कितनी समन्वयता है? यह समय-समय पर उजागर होती रही है। ताजा मामला तीन मढ़िया से गर्ल्स डिग्री कॉलेज चौराहा का है। जहां नगर निगम के कतिपय इंजीनियर्स-कमिश्नर की अनदेखी के चलते पेवर ब्लॉक लगाकर पाथ-वे बनाने का काम शुरु कर दिया गया है। जबकि इस रूट को सागर स्मार्ट सिटी कंपनी ने अपने तीसरे चरण के तहत सड़कों के उन्नयन व सौंदर्यीकरण प्रोजेक्ट में शामिल किया है। जानकारी के अनुसार स्मार्ट सिटी के कॉन्ट्रेक्टर को ठीक उसी स्थान पर नाली बनाना हैं, जहां नगर निगम ने पेवर ब्लॉक लगाने का काम शुरु किया है। ये काम तीन मढ़िया स्थित मप्र पूर्व क्षेत्र बिजली कंपनी के उपभोक्ता सेवा केंद्र की बाउंड्री वॉल से सटाकर शुरु किया गया है।

बारिश में जल भराव के कारण होती है परेशानी
नगर निगम के मैदानी अमले को यह भली-भांति पता है कि बारिश में इस रूट पर तीन मढ़िया स्थित बिजली कंपनी की बाउंड्री वॉल से होते हुए प्राइवेट बस स्टैंड के सामने तक जल भराव होता है। इसके चलते स्मार्ट सिटी ने इस रूट की डिजाइन में प्राथमिकता से नाली बनवाना शामिल किया था। इसके बावजूद नगर निगम के कतिपय इंजीनियर्स ने इस तथ्य पर ध्यान दिए बगैर सड़क के एक तरफ पेवर ब्लॉक लगाना शुरु कर दिए। मौके पर मौजूद मजदूर व मिस्त्री से इस काम के बारे में जानकारी चाही तो उन्होंने कहा कि हमें नहीं मालूम यह कौन ठेकेदार काम करा रहे हैं। न ही हमें यह पता है कि इस साइट के ननि इंजीनियर कौन हैं।

काम रुकवा दिया है, जानकारी नहीं थी
यह सड़क स्मार्ट सिटी के वर्क प्लान में शामिल है। इस बारे में मुझे जानकारी नहीं है। अपने स्तर पर जानकारी जुटाने के बाद फिलहाल काम रुकवा दिया है। पेवर ब्लॉक लगाने का काम बिजली कंपनी के सब-स्टेशन की बाउंड्री वॉल तक किया जाना था।
– बबलेश साहू, सब-इंजीनियर, नगर निगम, सागर
14/08/2023



