सिटी बस में सवार केबिनेट मंत्री भूपेंद्रसिंह बोले विकास का पहिया अब नहीं रुकने वाला


सागर। शहर में रविवार से सिटी बस सेवा शुरु हो गई। प्रदेश के प्रभावशाली केबिनेट मंत्री भूपेंद्रसिंह ने 12 बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
शहर में कुल 30 बसें संचालित होना हैं। शेष जल्द ही सड़कों पर दिखाई देंगी। इससे पहले मंत्री सिंह ने वैदिक रीति से बसों का पूजन किया। हरी झंडी दिखाकर वह स्वयं उसमें सवार भी हुए। चलती बस में उन्होंने सागर वाणी डॉट कॉम से चर्चा में कहा कि ये बसें प्रदेश की सरकार द्वारा कराए जा रहे विकास का उत्कृष्ट उदाहरण हैं। हमारी सरकार पानी, बिजली, सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं देने के बाद अगले सोपान पर है। जिसमेंं उन्हें पक्के आवास देने का काम किया जा रहा है। सागर में ही आज 300 से ज्यादा पात्र नागरिकों को उनके आवास की चाबियां दी गईं। वहीं पूरे प्रदेश में 6.50 लाख आवास बन रहे हैं। जिसमें 60 प्रतिशत से अधिक का आवंटन हो चुका है। सिंह ने कहा कि विकास का पहिया अब नहीं रुकने वाला। इस दौरान उनके साथ सांसद राजबहादुरसिंह, वरिष्ठ विधायक शैलेंद्र जैन, महापौर संगीता तिवारी, भाजपा के जिलाध्यक्ष गौरव सिरोठिया, महापौर प्रतिनिधि वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. सुशील तिवारी, एमआईसी सदस्य नरेश यादव, विनोद तिवारी, अनूप उर्मिल पार्षद शैलेंद्र ठाकुर, मनोज चौरसिया, राजकुमार पटेल, शैलेष केशरवानी, रूबी पटेल, रूपेश यादव, कलेक्टर दीपक आर्य, एसपी अभिषेक तिवारी समेत बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद थे।



