प्रदेश में तबादलों की झड़ी, सागर में मामूली बूंदा-बांदी
अपर कमिश्नर जैन की रवानगी, डॉ. जामरे बनी नई स्वास्थ्य जेडी

सागर। मध्य प्रदेश में तबादला सीजन के अंतिम दिन बुधवार को शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने ट्रांसफर सूचियों की झड़ी लगा दी। चंद घंटों की इस आखिरी मोहलत में जहां पूरे प्रदेश के प्रशासनिक अमले में भारी फेरबदल देखने को मिला, वहीं सागर जिले के लिहाज से यह बड़ी हलचल महज एक ‘ सामान्य बूंदा-बांदी’ साबित हुई। तमाम कयासों और उम्मीदों के विपरीत, सागर से जुड़े अलग-अलग विभागों के कुल जमा दो दर्जन (24) अधिकारी-कर्मचारी ही यहां से वहां हुए।हैरानी की बात यह रही कि ट्रांसफर एक्सप्रेस की रफ्तार भी उन रसूखदारों को नहीं डिगा सकी जो आबकारी और आरटीओ जैसे मलाईदार महकमों में, या फिर नगरीय निकायों जैसी आरामतलबी की कुर्सियों पर पिछले 15-20 सालों से अंगद की तरह पैर जमाए बैठे हैं। उनका बाल भी बांका नहीं हुआ। कुछ ऐसा ही हाल कर्मचारी संख्या के लिहाज से सबसे बड़े स्वास्थ्य और शिक्षा विभागों का भी रहा, जहां तबादले न के बराबर हुए।रात 9 बजे तक छनकर सामने आईं आधिकारिक सूचियों के मुताबिक, सागर में प्रशासनिक स्तर पर कुछ अहम बदलाव जरूर हुए हैं।
राजस्व से सहकारिता: कमिश्नर कार्यालय (राजस्व) में पदस्थ अपर आयुक्त पवन कुमार जैन को भोपाल भेजकर सहकारिता विभाग में उप-सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
स्वास्थ्य व आबकारी: बड़वानी की जिला सीएमएचओ डॉ. सुरेखा जामरे अब सागर स्वास्थ्य विभाग की नई सीनियर जेडी होंगी। वहीं, भोपाल आबकारी की प्रभारी उड़नदस्ता उपायुक्त नीरजा श्रीवास्तव को सागर में इसी पद का प्रभार दिया गया है। सहायक आबकारी अधिकारी रामकुमार सूत्रकार (दतिया) और दिलीप कुमार भादे (राजगढ़) का तबादला सागर किया गया है, जबकि सागर के एसआई मृत्युंजय ठाकुर को कार्यवाहक सहायक जिला आबकारी अधिकारी के रूप में पदोन्नति देकर यहीं रखा गया है।सबसे ज्यादा बदलाव वन विभाग की रेंजर और वनरक्षक श्रेणियों में देखने को मिले।
रेंजर तबादले: अशेष मिश्रा को पन्ना, कुमारी सृष्टि नजा को सनावद, राघवेंद्र चौहान को ढाना, शुभम जैन को अनुसंधान विस्तार सागर, नीतेश पटेल को बंडा, धीरेंद्र पांडे को राहतगढ़, पावन राय को अनुसंधान विस्तार सागर, विपुल प्रभात करोरिया को बांदरी और विकास सेठ को हटा रेंज भेजा गया है। वनरक्षक व अन्य: सचिन कुशवाह, विनोद प्रजापति और संजय कुमार पांडेय को वीरांगना दुर्गावती टाईगर रिजर्व सागर तैनात किया गया है।इसके अलावा, पंचायत विभाग के उपयंत्री सुरेंद्र सिंह दांगी (दमोह) व अंकित दुबे (छतरपुर) विदा किए गए। सामाजिक न्याय विभाग के शिवकुमार शर्मा मुरैना से राहतगढ़ और वाणिज्यिक कर विभाग के प्रह्लाद सिंह दांगी छतरपुर से सागर भेजे गए हैं। कुल मिलाकर, बड़े बदलावों की आस लगाए बैठे सागर के लिए यह स्थानीय चुनाव से ठीक एक साल पहले का आखिरी ट्रांसफर सीजन बेहद फीका और रस्मी रहा।
17/06/2026……9425172417



