शराब दुकान नीलामी:बड़ा बाजार में राठौर को तो काकागंज में साहू को मिला ठेका
शराब दुकानों की नीलामी का पहला दौर 223 करोड़ रु.के 11 समूहों में से 5 पर लगी बोलियां

सागर। कलेक्टर (आबकारी शाखा) द्वारा जिले की 104 शराब दुकानों को 33 समूहों में बांटकर शुरू की गई नीलामी प्रक्रिया का पहला चरण सोमवार को संपन्न हुआ। पहले चरण में कुल 223 करोड़ रुपये मूल्य के 11 समूहों के लिए बिडिंग बुलाई गई थी, जिसमें से ठेकेदारों ने 5 प्रमुख समूहों में गहरी रुचि दिखाई।
काकागंज और शास्त्री वार्ड के लिए ऊँची बोली
देर रात तक चली खींचतान के बाद कई समूहों के भाग्य का फैसला हो गया। जानकारी के अनुसार काकागंज ग्रुप के लिए ओमकार साहू ने बाजी मारी। 19.19 करोड़ रुपये की बेस प्राइज वाले इस समूह को उन्होंने 20.91 करोड़ रुपये की बोली लगाकर अपने नाम किया। वहीं शास्त्री वार्ड (बड़ा बाजार) को डीसीआर कंपनी ने अपने नाम किया। 16 करोड़ रुपये की बेस प्राइज वाली इस दुकान की अंतिम बोली 17.15 करोड़ रुपये पर जाकर थमी। शाहगढ़ ग्रुप 23.16 करोड़ रुपये में नीलाम हुआ, जिसे अवध राय द्वारा हासिल करने की खबर है। देवरी समूह का ठेका भी लगभग तय माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक कीमत का खुलासा मंगलवार को दोबारा बिडिंग शुरू होने पर ही होगा।
मगरधा-बहरोल ग्रुप के लिए टसल जारी
नीलामी के पहले दिन सबसे ज्यादा दिलचस्प मुकाबला मगरधा-बहरोल ग्रुप के लिए देखने को मिला। महज 8.36 करोड़ रुपये की बेस प्राइज वाले इस ग्रुप को हथियाने के लिए बड़े ठेकेदारों के बीच ठन गई है। दिग्गज खिलाड़ी जंडेलसिंह, डीसीआर कंपनी, सोम ग्रुप और सिद्धार्थ कुशवाह के बीच जारी टसल के चलते बोली 11.47 करोड़ रुपये के पार पहुंच गई है। माना जा रहा है कि मंगलवार को यह आंकड़ा और भी ऊपर जा सकता है।
छह समूहों में नहीं दिखा उत्साह
पहले चरण के 11 समूहों में से 6 समूहों (कर्रापुर-बहेरिया, गौरझामर, जैसीनगर, शाहपुर, मालथौन और मधुकर शाह वार्ड) में ठेकेदारों ने खास दिलचस्पी नहीं दिखाई। नियम के मुताबिक, जिन ग्रुप्स पर पहले चरण में बोली नहीं लगी, उन्हें अब चौथे चरण की नीलामी में शामिल किया जा सकता है। बहरहाल जिला प्रशासन द्वारा तय कार्यक्रम के अनुसार दूसरा चरण 4 मार्च से 5 मार्च, तीसरा चरण 6 मार्च से 7 मार्च तक रहेगा।
02/03/2026



