बैंक लूट का खुलासा: ब्लेड मारने पर बैंककर्मी की शर्ट नहीं फटी, पर जख्म हो गया था
बैंक लूटने वाला अस्थाई कर्मचारी निकला, दो दोस्तों संग अंजाम दी थी वारदात

sagarvani.com9425172417
दमोह। हटा के मगरोन थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव स्थित एक बैंक में हुई लूट का चंद घंटे में ही खुलासा हो गया है। इस वारदात में बैंक का ही अस्थाई कर्मचारी शामिल था। यह वही व्यक्ति है जिसने पुलिस से इस कथित लूट की शिकायत की थी।
पुलिस ने लूटे गए 41 लाख रु. से अधिक बरामद कर लिए हैं। पुलिस को इस लूट के तार बैंककर्मी के हुलिए और उसके बदलते बयानों से मिले। यह कर्मचारी एक तरफ पेट व सीने के आसपास ब्लेड के जख्म बता रहा था लेकिन घटना के समय पहनी गई शर्ट कहीं पर भी कटी – फटी नहीं थी। बस, यहीं से पुलिस के शक की सुई इस कर्मचारी पर अटक गई। पुलिस ने वारदात में शामिल दो और लोगों को गिरफ्तार किया है। यहां पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वारदात के वक्त बैंक में केवल यही एक कर्मचारी था। वहीं लुटेरे भी 5 नहीं होकर महज दो लोग थे। इस अस्थाई बैंककर्मी ने जांच को गुमराह करने झूठे तथ्य बताए थे।
कई दिन से चल रही थी प्लानिंग ज्यादा कैश देख कांड कर दिया
मामले का खुलासा करते हुए दमोह एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने बताया कि इस वारदात का मुख्य आरोपी बैंक का अस्थाई कर्मचारी रोहित विश्वकर्मा उम्र 20 वर्ष निवासी गांव फतेहपुर थाना मगरोन है। उसने अपने दोस्त दुर्गेश व एक अन्य के साथ मिलकर यह लूट की। पूछताछ में पता चला कि रोहित पर कर्जा था, जिसे चुकाने के लिए उसने अपने दोस्तों संग इस लूट का प्लान बनाया। वह इस पर लगातार काम कर रहा था। लेकिन जब मंगलवार को बैंक में रुटीन से अधिक कैश आ गया तो उसने अपने दोस्तों को इस कांड के लिए बुला लिया।
लूट के भीतर भी लूट….. दोस्तों से भी किया दगा
रोहित पुलिस को लगातार गुमराह करने की कोशिश कर रहा था। लेकिन जब उसके बयान व पूरे दिन के घटनाक्रम को क्रॉस चेक किया तो मालूम हुआ कि रोहित झूठ पर झूठ बोल रहा है। पूछताछ के दौरान ही उसने बैंक में एक जगह छिपाए गए करीब 3- 4 लाख रु. भी बरामद करा दिए। उसका कहना था कि वह लूट में ज्यादा हिस्सा चाहता था इसलिए उसने यह रकम अलग से छिपा ली थी। इसके बाद पुलिस ने देररात रोहित के दो और साथियों को दबोचा और लूट की पूरी रकम जब्त कर ली। इन युवकों ने बताया कि हम लोग क्राइम बेस्ड सीरियल व फिल्में देख DVR भी अपने साथ ले गए थे। युवकों ने बैंक से भागते समय नाली में नोट की गड्डियां गिरने की बात कही है।
15/05/2024



