आत्मीय स्वागत के बाद श्याम तिवारी बोले, “उन लोगों ” की कलह को वरिष्ठों तक पहुंचाकर सामंजस्य बनाऊंगा

सियासत

सागर। जनप्रतिनिधियों से लेकर संगठन पदाधिकारियों के बीच मची कलह को लेकर भाजपा के नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी बोले, यहां सभी कार्यकर्ता मिलकर काम करेंगे। जहां जो बात कहना चाहिए। उसके बारे में प्रदेश नेतृत्व को अवगत कराता रहूंगा।

इससे पहले दोपहर को जिलाध्यक्ष तिवारी की मोतीनगर तिराहा से स्वागत रैली निकली। जिसमें मुख्य रूप से प्रदेश सरकार के केबिनेट मंत्री गोविंदसिंह राजपूत, वरिष्ठ विधायकद्वय शैलेंद्र जैन, प्रदीप लारिया, वीरेंद्र सिंह लंबरदार(बंडा) एवं पूर्व जिलाध्यक्ष गौरव सिरोठिया शामिल हुए। रैली का स्वागत करने के लिए मोतीनगर, बड़ा बाजार, तीन बत्ती, कटरा और गुजराती बाजार तक कई पंडाल लगे थे। रैली शाम करीब 5 बजे भगवानगंज तिराहा पर पहुंचकर सभा में तब्दील हो गई। यहां सबसे पहले भगवान राम के मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की वर्षगांठ के उपलक्क्ष में पार्टी जनों आरती में भाग लिया।

पार्टी को भूलने वाले की भी रिपोर्टिंग ऊपर तक जाती है: राजपूत

इस अवसर पर केबिनेट मंत्री राजपूत बोले आज श्याम भाई का जो ऐतिहासिक स्वागत हुआ है। वह उनके जमीनी और सच्चे कार्यकर्ता होने का प्रमाण है। भाजपा में देर है… अंधेर नहीं। ये बात इनकी नियुक्ति से साबित हुई। क्योंकि ये वो पार्टी है जहां प्रत्येक कार्यकर्ता की रिपोर्टिंग ऊपर तक जाती है। और जो कार्यकर्ता बड़ा नेता बन जाता है। और पार्टी को भूल जाता है।उसकी भी रिपोर्टिंग ऊपर तक जाती है।

 जहां तलवारें खिंची हैं वहां श्याम- गौरव एक उदाहरण: जैन

सीनियर विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि अध्यक्षों के चुनाव के बाद जहां एक ओर तलवारें खिंची हैं। वहीं सागर पूरे प्रदेश के लिए उदाहरण है कि यहां नए अध्यक्ष श्याम तिवारी की स्वागत रैली की कमान पूर्व अध्यक्ष गौरव सिरोठिया ने संभाली। मेरा मानना है कि भाजपा ने पार्टी के खांटी नेता को कमान सौंपी है और मैं वायदा करता हूं कि हम सभी विधायक- मंत्री एवं सांसद उनके निर्देशन में पार्टी के लिए काम करेंगे। सभा को सांसद लता वानखेड़े ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आपका अनुभव हम सभी के काम आएगा और हम जिले के विकास के लिए कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगे।

स्वागत रैली में पूर्व जिलाध्यक्ष जाहर सिंह, पूर्व विधायक भानु राणा, ननि अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, स्थानीय पार्षद रामू ठेकेदार, नगर के सभी मंडल अध्यक्ष, वरिष्ठ नेता जगन्नाथ गुरैया, डॉ. अनिल तिवारी, लक्ष्मण सिंह, एमआईसी सदस्य अनूप उर्मिल, भाजयुमो के जिलाध्यक्ष यश अग्रवाल, आलोक केशरवानी, नवीन भट्ट, राजकमल केशरवानी, एड. राजू बड़ोन्या, देवेंद्र फुसकेले, अनिल पीपरा, रीतेश तिवारी, मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन, राजीव जैन सहित बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता – पदाधिकारी मौजूद रहे।

22/01/2025