खबरों की खबरब्रेकिंग न्यूज़सियासत

भाजपा: सागर में दो अध्यक्ष वाला फॉर्मूला ! आज हो सकता है नामों का ऐलान

sagarvani.com9425172417

सागर। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष के नामों को लेकर खींचतान जारी है। इस बीच खबर मिली है कि प्रदेश के तकरीबन 30 जिलों के लिए नाम तय हो गए हैं। सागर को लेकर एक बड़ी सूचना ये है कि यहां द्विअध्यक्षीय फॉर्मूला लागू किया जा सकता है। इस निर्णय के पीछे यहां के दिग्गज नेताओं की खेमेबाजी और जिले की भौगोलिक स्थिति को आधार बनाया जा रहा है। हालांकि सागर सरीखी तनातनी ग्वालियर, दमोह, भोपाल, जबलपुर, इंदौर, रीवा समेत एक दर्जन जिलों में भी सामने आई है। मप्र में एक जिला और दो अध्यक्ष वाला फॉर्मूला फिलहाल ग्वालियर, जबलपुर, भोपाल, इंदौर, उज्जैन में लागू है। यहां शहर और ग्रामीण जिलाध्यक्ष हैं। ये बात और है कि नगरीय सीमा और निगम के पार्षदों की संख्या के लिहाज से उक्त 5 जिलों के नगरीय मुख्यालय काफी बड़े हैं। दो अध्यक्ष वाली लाइन सागर के अलावा मालवा के एक अन्य शहर धार पर भी लागू करने की बात चल रही है।

पूर्व सांसद-विधायक और अध्यक्ष में रेस !

भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने केंद्रीय केबिनेट मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को प्रदेश का पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। राजधानी में उनकी आमद हो गई है। इसके साथ सागर के दावेदारों की भी दौड़- भाग बढ़ गई है। जानकारी के अनुसार रायशुमारी और केबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत तथा पूर्व मंत्रीद्वय भूपेंद्र सिंह व गोपाल भार्गव के तेवर देखते हुए आखिर में अध्यक्ष पद के लिए चार नाम बचे हैं। इनमें पूर्व सांसद राज बहादुरसिंह, पूर्व विधायक हरवंशसिंह राठौर व डॉ. विनोद पंथी एवं निवर्तमान जिलाध्यक्ष गौरव सिरोठिया के नाम शामिल हैं। सूत्रों का कहना है महिला कोटे के साथ अजा वर्ग से होने के कारण उनका किसी एक पद पर मनोनीत होना लगभग तय माना जा रहा है। आखिर में ये तीन नाम रह जाते हैं। यहां बता दें कि ये सभी भोपाल में डेरा डाले हैं। हरवंश सिंह राठौर सुक्खू के लिए उनके अनुज कुलदीपसिंह और कई वरिष्ठ नेता लॉबिंग कर रहे हैं। वहीं राज बहादुरसिंह के लिए पूर्व मंत्री भूपेंद्रसिंह किला लड़ा रहे हैं। सिरोठिया को केबिनेट मंत्री राजपूत, स्थानीय विधायक शैलेंद्र जैन की सीएम व अन्य वरिष्ठ मंत्रियों- पार्टी पदाधिकारियों से करीबी का भरोसा है।

हली लिस्ट आज जारी हो सकती है

जिला अध्यक्षों की आज पहली लिस्ट जारी हो सकती है। बताया जा रहा कि इसमें प्रदेश प्रतिनिधि के नाम भी होंगे। सबकुछ ठीक रहा तो 25-30 जिलों की सूची आज पब्लिक हो जाएगी। ऐसी उम्मीद कम ही है कि इसमें सागर समेत दूसरे बड़े जिलों के नाम हों। ये नाम अगली सूची में रहेंगे।

04/01/2025

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!