ब्रेकिंग न्यूज़

ललितपुर के गुड्डू राजा वास्तव में खुरई से चुनाव लड़ना चाहते हैं या नहीं?

पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव बोले, 5 अक्टूबर के बाद कांग्रेस प्रत्याशियों की सूची जारी हो जाएगी।

 
                                             सागरवाणी डेस्क। 9425172417       
सागर। ललितपुर के गुड्डू राजा बुंदेला का नाम जिले की चर्चित विधानसभा सीट खुरई से संभावित कांग्रेसी प्रत्याशी के रूप में हवा में है। सच्चाई क्या है? ये गुड्डू और कांग्रेस आलाकमान जानती है। कांग्रेस ने उन्हें बुंदेलखंड में जनाक्रोश यात्रा का प्रभारी बनाया है, इसलिए वे गुरुवार को सागर में थे। खुरई से चुनाव लड़ने के बारे में जब उनसे सवाल किया तो उन्होंने यह निर्णय पार्टी आलाकमान पर छोड़ने की बात कही। साथ में बोले कि एक सीट जिताने के बजाए बुंदेलखंड की सभी 26 सीट पर जिताने की जवाबदेही मिले तो ज्यादा अच्छा है। उनके इस जवाब का एक मायना ये भी निकलता है कि वह खुरई से चुनाव लड़ने के इच्छुक नहीं है। बल्कि वह यूपी से सटे मप्र के बुंदेलखंड की विधानसभा सीटों पर काम कर अपना प्रभाव साबित करना चाहते हैं। ताकि अगले साल आम चुनाव में वह अपनी परंपरागत सीट ललितपुर-झांसी संसदीय क्षेत्र से दावा कर सकें। इससे पहले, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने यात्रा के संबंध में पत्रकारों से चर्चा की। उन्होंने खुरई, रहली और सुरखी में प्रत्याशी की तलाश के बारे में कहा कि पार्टी लगतार सर्वे कर रही है, आब्जर्वर भी नजर रखें। जल्द ही नाम घोषित होंगे। प्रदेश में प्रत्याशियों की सूची के बारे में यादव ने कहा कि 5 से 10 अक्टूबर के बीच सूचियां जारी हो जाएंगी।  
रेड एंड व्हाइट गाड़ियों का निजी काफिला और आगे पीछे बाउंसर 
ग्रेनाइट किंग के परिवार से आने वाले गुड्डू राजा बुंदेला, का अभी भी यूपी के पूर्व सीएम अखिलेशसिंह यादव के प्रति अनुराग कम नहीं हुआ है। उन्होंने स्वीकार किया कि दोस्ती में वह समाजवादी पार्टी में चले गए थे। स्व. पिता पूर्व सांसद सुजानसिंह बुंदेला ने इस पर आपत्ति ली थी। आज जब कांग्रेस में आए हैं तब भी वह अखिलेश यादव को अपना मित्रवत बताते हैं। अगर गुड्डू राजा, मप्र की चुनावी राजनीति में उतरते हैं तो उनके प्रचार करने का तरीका, बाकी सब से अलग होगा। दरअसल वे अपने साथ रेड एंड व्हाइट कलर की महंगी-महंगी कारें लेकर चलते हैं। उनके साथ चार बाउंसर भी रहते हैं जो सहजता से लोगों को उनके पास नहीं पहुंचने देते।
28/09/2023 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!