खबरों की खबर
Trending

आबकारी ठेका: बड़े समूह फेल, अब 22 नए छोटे गुटों पर दांव

सागर। जिले में शराब दुकानों के निष्पादन को लेकर कलेक्टर (आबकारी शाखा) का ‘तहसीलवार बड़े समूह’ वाला प्रयोग धड़ाम हो गया है। 12 से 14 मार्च के बीच चली टेंडर प्रक्रिया में ठेकेदारों ने ऐसी बेरुखी दिखाई कि 8 बड़े समूहों के लिए एक भी आवेदन नहीं आया। भारी-भरकम फीस और जोखिम के चलते दिग्गज ठेकेदार भी मैदान में नहीं आए। इस विफलता के बाद विभाग ने अपनी रणनीति बदलते हुए पुराने 8 बड़े समूहों को भंग कर दिया है और अब 22 नए छोटे समूह बनाकर मैदान में उतारा है।

रणनीति में बदलाव से घटा आरक्षित मूल्य 

पुराने प्रयोग में असफलता का मुख्य कारण ऊंची रिजर्व प्राइस और आसपास के क्षेत्रों में छोटे ठेकेदारों का पहले से काबिज होना था। इसे भांपते हुए प्रशासन ने अब छोटे समूहों की संरचना की है, जिनकी आरक्षित कीमत 9 करोड़ से 28 करोड़ रुपये के बीच रखी गई है। इस बदलाव से बाजार में हलचल बढ़ी है और माना जा रहा है कि छोटे निवेश वाले ठेकेदार इस बार सक्रियता दिखा सकते हैं। गौरतलब है कि वित्त वर्ष 2026-27 के लिए शासन ने सागर जिले से 632 करोड़ रुपये से अधिक की आय का लक्ष्य रखा है, जिसमें से अब तक मात्र 250 करोड़ रुपये का ही प्रबंध हो सका है।

कैंट क्षेत्र में एक परिवार के दिग्गजों की टक्कर

इधर, ठेकेदारी जगत की नजरें ‘सदर कैंट’ इलाके की दुकानों पर टिकी हैं। चर्चा है कि शहर के प्रतिष्ठित उद्योगपति घराने के दो कारोबारी धड़े इस क्षेत्र पर कब्जा जमाने के लिए आमने-सामने आ सकते हैं। इनमें से एक धड़ा शराब निर्माण (मैन्युफैक्चरिंग) से जुड़ा है, तो दूसरा लंबे समय से बड़े पैमाने पर रिटेल ठेकेदारी का माहिर खिलाड़ी माना जाता है। इस आपसी प्रतिस्पर्धा के चलते कैंट क्षेत्र के टेंडर काफी दिलचस्प होने की उम्मीद है।

आज से शुरू होगी ई-टेंडर प्रक्रिया

कलेक्टर संदीप जी.आर. के निर्देशन में अब 22 समूहों की कुल 57 कंपोजिट मदिरा दुकानों के लिए नए सिरे से ई-टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। जिनका कुल आरक्षित मूल्य लगभग 381.25 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है। ई-टेंडर प्रक्रिया 16 मार्च 2026 को सुबह 10 बजे से शुरू होगी। ऑनलाइन ऑफर सबमिट करने की अंतिम तिथि 17 मार्च को दोपहर 4 बजे तक है। इसी दिन शाम 4 बजे आवेदन पत्र खोले जाएंगे। जबकि शाम 5:30 से 6:50 बजे तक ई-टेंडर कम ऑक्शन की प्रक्रिया चलेगी। जिन 22 समूहों के लिए टेंडर जारी हुए हैं, उनमें रहली, बीना, मधुकरशाह वार्ड, राहतगढ़, गढ़ाकोटा, सिविल लाइन, खुरई, बीना इटावा, गुजराती बाजार, जैसीनगर, कर्रापुर, कटरा, चांदपुर, शाहपुर, स्टेशन रोड, बरौदियाकला, जमुनिया, मालथौन, बंडा, खिमलासा और परसोरिया शामिल हैं। 

sagarvani/9425172417

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!