खबरों की खबर
Trending

बिलहरा (सागर) की मारपीट, पश्चिम बंगाल में राजनीति गरमाई !

तीन युवकों ने साइड मांगने पर से बंगाली फेरीवाले को पीटा, छुरा भी मारा, बीएमसी में है उपचाररत 

 बांग्लादेशी घुसपैठिया होने के संदेह में हमला… पश्चिम बंगाल में पीड़ित की पत्नी ने आशंका जताई

सागर। जिले के सुरखी थाना क्षेत्र के समनापुर गांव में एक प्रवासी श्रमिक के साथ से मारपीट और चाकूबाजी का मामला सामने आया है। पीड़ित पश्चिम बंगाल के वीरभूमि जिले का रहने वाला 37 वर्षीय सैयद एसके है। सुरखी थानांतर्गत बिलहरा पुलिस चौकी क्षेत्र में हुई इस घटना की एफआईआर के मुताबिक बीती 19 फरवरी को सैयद समनापुर गांव में फेरी लगाकर कपड़े बेच रहा था। तभी सड़क पर बाइक को साइड नहीं देने पर तीन अज्ञात युवकों ने उस पर हमला कर दिया। इधर इस घटनाक्रम के बाद सैयद की पत्नी नुरेफा बीवी, जो पश्चिम बंगाल में रह रही है, उसका कहना है कि मुझे अक्सर पति के बंगाली बोलने के कारण निशाना बनाए जाने का डर सताता था। आशंका है कि उन्हें बांग्लादेशी घुसपैठिया व भाषाई आधार पर प्रताड़ित किया गया है। सैयद फिलहाल बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती है। वह बीते 10 वर्ष से सागर में फेरी लगाकर कपड़े बेचने का धंधा कर रहा। वर्तमान में वह कैंट थानांतर्गत श्री गुरु गोविंद सिंह वार्ड में रह रहा है।

पश्चिम बंगाल में राजनीतिक तूल, प्रवासी बोर्ड सक्रिय

पश्चिम बंगाल सरकार ने इस घटना को गंभीरता से लिया है। पश्चिम बंगाल प्रवासी श्रमिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष और तृणमूल सांसद समीरुल इस्लाम ने बताया कि सांसद अभिषेक बनर्जी के निर्देश पर पीड़ित और उसके परिवार की देखभाल की जा रही है। उन्होंने कहा कि सैयद के ठीक होने के बाद उसे वापस बंगाल लाकर पुनर्वासित किया जाएगा। इस घटनाक्रम के बाद पश्चिम बंगाल की तृणमूल सरकार ने हाल के दिनों में बंगाली नागरिकों पर हुए हमलों पर चिंता जताई है। वहां की सरकार का आरोप है कि हाल के दिनों में देश के विभिन्न राज्यों जैसे हरियाणा, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में बंगाली बोलने वाले श्रमिकों पर ‘अवैध नागरिक’ होने के शक में हमलों की खबरें आती रही हैं, जिससे प्रवासियों में असुरक्षा का माहौल है।

क्षेत्रीयता या भाषाई विवाद नहीं: एडिशनल एसपी

एडिशनल एसपी लोकेश सिन्हा ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह मामला अचानक हुई सड़क की झड़प का लग रहा है। उनके अनुसार, सैयद ने सड़क पर अपनी गाड़ी अचानक रोक दी थी, जिससे पीछे से आ रहे बाइक सवार युवकों के साथ उसकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर लड़कों ने उस पर हमला कर दिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

23/02/2026

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!