
sagarvani.com9425172417
सागर। मप्र विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने राज्य की भाजपा सरकार को डरपोक बताया है। उनका कहना है कि मप्र देश का ऐसा पहला राज्य है। जहां सबसे कम दिनों का विधान सभा सत्र होता है। बजट सत्र को ही ले लें। ये मात्र 9 दिन का है। दरअसल राज्य की सरकार, विपक्ष का सामना ही नहीं करना चाहती। सीएम डॉ. मोहन यादव, विस सत्रों में मौजूद ही नहीं रहते। कुछ समय के लिए आते हैं और अगरबत्ती सी लगाकर चले जाते हैं। सिंघार, बुधवार को पत्रकारों से सर्किट हाउस में चर्चा कर रहे थे। 
पेड़ के नीचे चर्चा, 17 को बड़े खुलासे का दावा
नेता प्रतिपक्ष सिंघार मंगलवार देर शाम सागर पहुंचे। इसके बाद वे सर्किट हाउस में रुके। बुधवार सुबह उन्होंने पत्रकारों से चर्चा की। खास ये रहा कि उन्होंने ये बातचीत सर्किट हाउस में एक पेड़ के नीचे बैठ कर की। बताया गया कि सर्किट हाउस का मीटिंग हॉल में ताला पड़ा था।
कतिपय कांग्रेसियों ने पूछताछ की तो जवाब मिला कि केवल कमरे रिजर्व किए गए थे। इस तरह की गतिविधियों के लिए हॉल का उपयोग बंद है। इधर उमंग सिंघार ने कहा कि परिवहन घोटाले में पूर्व सिपाही सौरभ शर्मा बहुत छोटी मछली है। असल मगमच्छ कौन हैं इसका जल्द खुलासा होगा।
मैं, 17 फरवरी को भोपाल में इस विषय पर एक पत्रकार- वार्ता कर रहा हूं। इससे पहले उन्होंने मप्र की कानून व्यवस्था, वायदे के मुताबिक किसानों को समर्थन मूल्य नहीं दिए जाने, इन्वेस्टर्स मीट को बेनतीजा, SC-ST के मामलों में पीड़ित को प्रतिकर की राशि व विद्यार्थियों को वजीफा नहीं दिए जाने, सागर में पशुपालकों के नाम पर डेयरी प्रोजेक्ट में जमीन के बंदरबांट पर सवाल खड़े किए।
संगठन में नए लोगों को मौका दिया जा रहा
पार्टी- संगठन के बारे में सिंघार ने कहा कि, बदलाव का दौर चल रहा है। राहुल गांधी भी यही चाहते हैं। नए लोगों को आगे लाया जा रहा है। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष रवाना हो गए। इसके बाद वे नगर निगम पार्षद रिचा सिंह के निवास पर चाय के लिए पहुंचे। वहां से वे डॉ. हरी सिंह गौर विवि में लॉ डिपार्टमेंट के छात्रों के धरना-प्रदर्शन में भी पहुंचे। उन्होंने कुल गुरु डॉ. नीलिमा गुप्ता से बात करना चाही लेकिन वे नहीं आई। इसके बाद सिंघार रवाना हो गए। इस दौरान उनके साथ पूर्व मंत्री हर्ष यादव, शहर कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार पचौरी जिलाध्यक्ष आनंद अहिरवार , ननि में नेता प्रतिपक्ष बाबू सिंह (बब्बू) यादव, सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे, अवधेश तोमर, आशीष ज्योतिषी, पप्पू गुप्ता, महेश जाटव, शैलेंद्र तोमर, जितेंद्र रोहण, आनंद हेला समेत अन्य कांग्रेसजन मौजूद थे।
12/02/2025



