सागर में दूल्हे की फेरे लेने के चंद मिनट बाद मौत, हार्ट अटैक का संदेह !

खबरों की खबर ब्रेकिंग न्यूज़ विविधा

sagarvani.com9425172417

सागर। आज शनिवार तड़के हैरान करने वाली खबर सामने आई। यहां एक दूल्हे के फेरे लेने के चंद मिनट बाद ही मौत हो गई। घटनाक्रम राजघाट रोड एक मैरिज गार्डन का है। यहां जैसीनगर निवासी हर्षित चौबे (28)  व श्रीराम नगर  निवासी युवती का विवाह समारोह चल रहा था। बताया जाता है कि हर्षित फेरे लेने के बाद पैर पखारने की रस्म में शामिल हुआ। तभी उसकी हालत बिगड़ी और वह दुल्हन की गोद में सिर रखकर अचेत हो गया। परिवार वाले कुछ समझ पाते इससे पहले ही उसका निधन हो गया। परिजन उसे बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर्स ने  दूल्हा हर्षित को मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार हर्षित गोपालगंज में मेडिकल स्टोर का संचालन करता था। जबकि जिस लड़की से उसकी शादी हुई थी, वह गोपालगंज क्षेत्र के श्रीराम नगर की रहने वाली है। जानकारी के अनुसार हर्षित का उसके पैतृक गांव जैसीनगर में अंतिम संस्कार कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हर्षित को हार्ट अटैक आया था। फेरे के समय उसने बेचैनी की शिकायत भी की थी। इधर इस घटनाक्रम के बारे में जिस किसी को जानकारी मिली तो वह हतप्रभ रह गया। बीएमसी के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. देवेंद्र अहिरवार का कहना है कि युवाओं में हार्ट अटैक के केस बढ़े हैं। ठंड बढ़ने पर बीपी तेजी से बढ़ता है। जिससे नसों के ब्लॉकेज की समस्या आती है। परिवार में अगर हार्ट अटैक की हिस्ट्री है तो अपना चेकअप जरूर कराएं। केवल सीना ही नहीं शरीर में कहीं भी कोई  दर्द हो उसकी जांच कराएं।

18/01/2025