चौपाल/चौराहा

भाजपा के “दतिया डिसीजन” से दर्जन भर आंखों की नींद उड़ी…. और कांग्रेस में ” इंदौर का छोटा पटवारी इफेक्ट”

"राष्ट्र" को समझने "सेविकाएं" गोवा के पब में पहुंच गईं

  नारदवाणी

1. भाजपा : “दतिया डिसीजन” से दर्जन भर आंखों की नींद उड़ी, सैकड़ों में आई चमक

जब दतिया उप-चुनाव की रूप रेखा रचने वाले मिसर जी का ही पत्ता कट गया तो फिर हमारी क्या बिसात क्या ? ऊपर से हम लोगों ने अपनी- अपनी सीट को भी कुछ ज्यादा ही मजबूत कर दिया है। इसलिए पार्टी संगठन को नया प्रत्याशी उतारने में कोई समस्या नहीं होगी……………. ये सब सोच-सोच कर हफ्ते भर से जिले के आधा दर्जन माननीयों की नींद उड़ी हुई है। ये वे सब लोग हैं जो 4 या उसे अधिक बार टिकट हासिल कर चुके हैं। अब “दतिया डिसीजन” का एक दूसरा पहलू ये भी है कि इससे दूसरी लाइन के नेताओं की आंखों में चमक बढ़ गई है। उन्हें अपनी मंजिल करीब दिखने लगी। विधानसभा वार दो-एक ने तो लोगों से हंस- बोलकर मिलना-जुलना भी शुरु कर दिया है।

2. कांग्रेस: ” इंदौर का छोटा पटवारी इफेक्ट” से शहरी- देहाती कांग्रेस में खलबली

 पीसीसी चीफ के छोटे भाई, इंदौर में गरदुल्लों की संगत के आरोपों में घिरे हैं। हालांकि वे कुबूल भी कर चुके हैं कि तीन साल पहले पुड़िया- पुड़िया करते थे अब नहीं। खैर इस घटनाक्रम का शहरी और देहाती कांग्रेस के प्रमुखों पर होता दीख रहा है। चर्चा है कि शहर के कुछेक पुलिस थानों की मंथली में से डायरेक्ट ” क्राइम कट” लिया जाने लगा था! लेकिन जब से “उन्हें” पीसीसी चीफ के छोटे भाई पर इंदौर पुलिस की कार्रवाई के बारे में मालूम चला है, वे डरे- चौंके से रहने लगे हैं। घर जाते वक्त कबूला पुल पर तो उनके मुंह से निकल ही गया कि पुलिस जब चीफ को नहीं बख्श रही फिर अपनी क्या बिसात है। इधर देहाती कांग्रेस में इस तरह से ” इंतजामात” तो नहीं चल रहा लेकिन व्यवस्था बनाए जाने का उपाय निकाल लिया गया है। पदमाकर नगर कार्यालय में जब भी बैठक होती है तो चौराहा स्थित नेहा चाट सेन्टर से चाय- समोसा का भुगतान उन लोगों को करना होता है। जिन्हें कार्यकारिणी में बड़ा पद दिया गया है। पद प्राप्तकर्ताओं ने समोसा – चाय परचेज के लिए खुद ही रोटेशन तय कर लिया है।

3 .”राष्ट्र” को समझने “सेविकाएं” गोवा के पब में पहुंच गईं

शहर के कथित एलीट खानदानों की महिलाएं कुछ दिन पहले जत्थे की शक्ल में गोवा घूम आई हैं। वे दिन में समुंदर के किनारों पर टहलीं तो रात में वे यहां के पबों में खूब हिली-डुली माने डांस पार्टी करती रहीं। वैसे इसमें कुछ असाधारण नहीं है, क्योंकि गोवा में ये सब सामान्य है। अब जानिए भीतर की बात। इस टुअर में वे महिलाएं भी शामिल थीं जो आरएसएस के अनुषांगिक महिला संगठन की सागर में लीडरान है। इनके सोशल मीडिया एकाउंट्स सनातन, भारत मां की जय, क्षत्राणियों के इतिहास से भरे पड़े हैं। कुछ दिन पहले इस संगठन की चीफ भी आईं थी तब इन पदाधिकारनियों ने लाल पट्टी वाली सफेद साड़ी पहन मंच से परिवारों को संस्कारित व देश भक्त बनाने के लिए लंबे-लंबे भाषण दिए थे। राष्ट्र भक्त देखने- दिखाने के लिए सामूहिक रूप से “दी केरला स्टोरी-2” भी देखी थी। सुना है इस टूअर को लीड उस युवा क्षत्राणी ने किया था जो गाहे-बगाहे एक केंद्रीय मंत्री से अपनी रिश्तेदारी जताती- बताती रहती हैं। रिवाल्वर संग फोटुकें भी डालती रहती हैं। सेविकाओं की ये गोवा जर्नी सोशल मीडिया पर सचित्र उपलब्ध है।

4. रेग्युलर कुलपति नहीं मिला… तो फिर नया “एक्टर” दूंढना होगा

 विवि में इस समय एक्टिंग कुलपति का राज है। वे जमकर तलवारवाजी कर रहे हैं। चार महीने खेलने के लिए 25 लाख का टेनिस कोर्ट बनवा लिया। लड़ने के लिए मैनेजमेंट के प्रोफेसर को घेरे में ले ही रखा है। हालांकि कुलपति की ये “एक्टिंगबाजी” दो महीने की और है। तब तक असल कुलपति की नियुक्ति हो जाने की उम्मीद है। सितंबर में एक्टिंग कुलपत रिटायर हो रहे हैं। इसके बाद भी रेग्युलर नियुक्ति नहीं हुई तो फिर विवि प्रशासन को नया एक्टर माने एक्टिंग कुलपति ढूंढना पड़ेगा। जाते-जाते बता दें कि निवर्तमान एक्टिंग कुलपति ने एक्टिंग (कलाकारी) दिखाते हुए पुत्तर को माट्साब बनाने के अलावा और भी कई ” ड्रामे” रचे हैं। जिनकी कलई देर-सबेर खुलना तय है।

5. तीन बड़े आयोजक और उपस्थिति 22

 गये 14 जुलाई को धार का एक अरबपति उद्योगपति सागर में था। अपनी जिद पर सिर्फ तीन दिन के भीतर उसने कार्यक्रम फिक्स कराया। कार्यक्रम सफल हो जाए इसलिए उसने तीन स्थानीय आयोजक चुने। जिला उद्योग एवं व्यापार संघ, व्यापारियों की संस्था कैट और फेडरेशन आफ मध्यप्रदेश चैंबर आफ कामर्स जिसका “ज्वाइंट प्रेसिडेंट” बता कर उसने स्वयं का परिचय दिया। ऐसे तीन बड़े आर्गनाइजरों ने मिलकर तिलकगंज के एक होटल में एक दिवसीय कार्यशाला रखी। आमंत्रण पत्र में कार्यशाला के बड़े-बड़े उद्देश्य बताए गए लेकिन असली मकसद बाद में खुल कर सामने आया। लगभग एक हजार व्यापारियों को न्यौता देने पर भी कार्यशाला में पहुंचे कुल जमा 22 लोग। वे भी इसलिए ज्यादा नहीं रुके क्योंकि कार्यशाला में दिल्ली की एक कंपनी के एजेंट व्यापारियों को बीमा बेच रहे थे। लिहाजा आए व्यापारी कार्यशाला में स्वल्पाहार के लिए भी नहीं रुके क्योंकि सभी को चार पैसों की दूकानदारी ज्यादा अहम लगी। इस फ्लाप आयोजन के बाद लोग धार से आए बड़े कारोबारी वीरेंद्र पोरवाल को कोसते नजर आए। चर्चा यह थी कि फिक्की के प्रेसिडेंट तो जबलपुर के हैं फिर धार के पोरवाल जी ने “ज्वाइंट प्रेसिडेंट” के नाम पर संगठन की “फ्रेंचाइजी” क्यों ले ली। जबरिया कार्यशाला थोप कर वे बीमा कंपनी का भला करना चाहते थे या जिला उद्योग एवं व्यापार केन्द्र का बजट ठिकाने लगाना चाहते थे। क्या सरकार की औद्योगिक समितियों में घुसपैठ के लिए कांग्रेस के शेडो संगठन नये नये रूप धर कर सामने आ रहे हैं।

6. एसपी ने जता दिया ” यहां के हम है सिकंदर” लेकिन…… ?

बीते कुछ वर्षों से सागर जिले को धाकड़ एसपी की तलाश थी। आईपीएस अनुराग सुजानिया के कमान संभालने के बाद यह आवश्यकता पूरी होती दीख रही है। आते साथ ही उन्होंने शहर के ट्रैफिक को पटरी पर किया। फिर कटरबाजों का वो इलाज किया कि दो-एक तो सच्ची में अस्पताल में उपचाररत हैं। लोगों में चर्चा चली कि अभी नेता नगरी का मामला आने दीजिए तब देखेंगे दम! लेकिन ये क्या एसपी ने बुंदेलखंड ही नहीं पूरे प्रदेश में धमक रखने वाले दो मंत्रियों के नाक बाल भी खींच दिए। एक गोपालगंज थाने की दहलीज चढ़ा तो दूसरा उप- जेल खुरई से बाहर आने की बाट जोह रहा है। खुसर- पुसर थी कि सुजानिया जी थोड़ा अपना घर भी यानी महकमा देख लें तो यहां भी उन्होंने क्षेत्र विशेष के नेताओं के चहेते बताए जा रहे एसआईयों से थाने वापस लेते हुए उनकी जगह टीआई भेज दिए। कुल मिलाकर एसपी सुजानिया ने पदस्थापना के 75 दिन पूरे करते-करते झंडे गाड़ ही दिए सिवाए एक डिसीजन को छोड़कर। वो ये कि कप्तान ने मुख्यालय से 30 किमी दूर स्थित महत्वपूर्ण थाने की कमान उन दारोगा को सौंप दी है। जो चंद महीने पहले शहर के अलग- अलग थानों से दारु, ड्रग्स बिकने के आरोपों लगवाने में संदिग्ध रहे हैं। वर्तमान में ये मामला मप्र हाईकोर्ट में विचाराधीन है। बताया जाता है पिछले कप्तान इन दारोगा को इसी कांड की वजह से लाइन में बैठाकर गए थे। आड़ भले ही आईजी की मीटिंग में मामलों की पेंडेंसी की ली थी।

सागरवाणी……9425172417

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!